फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान, उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने मंगलवार को यह फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसमें आजम खान की सजा पर रोक लगाई गई थी। साथ ही कोर्ट ने तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान को भी यही राहत दे दी, जिन्हें हाईकोर्ट ने पहले इस लाभ से वंचित रखा था। अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की अपील खारिज कर दी, जबकि पत्नी और बेटे की अपील स्वीकार कर ली। कोर्ट ने 28 अक्टूबर को इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था।

यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट के 24 मई 2024 के आदेश से जुड़ा है। हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा पर रोक लगाई थी, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को यह राहत देने से इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट के इस फैसले को राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जबकि तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान ने भी शीर्ष अदालत में अपील की थी कि जिस तरह आजम खान को राहत मिली है, उसी तरह उनकी सजा पर भी रोक लगाई जाए।

मामला आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान के दो अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्र होने के आरोपों से जुड़ा है। रामपुर से भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि अब्दुल्ला के पास अलग-अलग जन्मतिथियों वाले दो जन्म प्रमाणपत्र थे। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, दूसरे जन्म प्रमाणपत्र का इस्तेमाल 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने की पात्रता साबित करने के लिए किया गया था।

रामपुर की अदालत ने 18 अक्टूबर 2023 को आजम खान, तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न अपराधों में दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपील खारिज होने के बाद तीनों ने हाईकोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने सजा निलंबित करते हुए जमानत दी थी, लेकिन दोषसिद्धि पर रोक का लाभ सिर्फ आजम खान को दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि ऐसा कोई साक्ष्य सामने नहीं आया, जिससे साबित हो कि आजम खान ने दूसरा जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जानकारी उपलब्ध कराई थी।