बेंगलुरु में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आवास, उनके काफिले और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने इस मामले में 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने धमकी देने के लिए एक ऑटो ड्राइवर के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया, जिसे इस साजिश की भनक तक नहीं थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान कार्तिक आर के रूप में की है। वह बेंगलुरु का रहने वाला है और फिलहाल बेरोजगार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे 7 नवंबर को गिरफ्तार किया था और वह अभी न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, घटना 5 नवंबर की शाम करीब 7:20 बजे हुई। 26 साल का ऑटो ड्राइवर मल्लेश्वरम इलाके में पैलेस ग्राउंड के पास सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसे नम्मा यात्री ऐप के जरिए कार्तिक के नाम से बुकिंग मिली। बुकिंग में अरमाने नगर के 18वें क्रॉस से राजराजेश्वरी नगर स्थित बीएचईएल लेआउट तक जाने की बात कही गई थी। पिकअप प्वाइंट पर पहुंचने के बाद ड्राइवर ने ग्राहक को फोन किया, ताकि सही लोकेशन की जानकारी मिल सके। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री के आवास के अंदर मौजूद बताया और ड्राइवर से कहा कि वह अपना मोबाइल सुरक्षा बैरिकेड के पास तैनात पुलिसकर्मी को दे दे।
ड्राइवर ने ग्राहक की बात पर भरोसा करते हुए अपना फोन पुलिसकर्मी को सौंप दिया। पुलिसकर्मी ने उस व्यक्ति से बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस ने ऑटो की जांच शुरू कर दी। हैरान ड्राइवर को बताया गया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के आवास और विधान सौधा में बम लगाने की धमकी दी है। उसने यह भी दावा किया था कि मुख्यमंत्री का काफिला जब उस इलाके से गुजरेगा, तब धमाका किया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसका धमकी देने वाले व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। उसने ऐप पर हुई बुकिंग की जानकारी भी दिखाई और बताया कि वह केवल सवारी लेने के लिए वहां पहुंचा था। परिवार में एक सदस्य की मेडिकल इमरजेंसी के कारण वह तुरंत थाने नहीं जा सका और 7 नवंबर को उसने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआत में नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की और अदालत से इजाजत मिलने पर एफआईआर दर्ज की गई। कॉल और बुकिंग से जुड़े सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और कार्तिक आर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है कि आरोपी ने ऑटो ड्राइवर के फोन का इस्तेमाल करके धमकी देने की योजना क्यों बनाई और इस घटना के पीछे उसका मकसद क्या था। शुरुआती जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी समस्या से जूझ रहा हो सकता है।
