तेलंगाना की कांग्रेस सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन ने 13-14 नवंबर को हैदराबाद में भारत समिट का आयोजन किया, जिसमें कई विदेशी मेहमान शामिल हुए। इनमें इटली के राजनेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक भी थे। 14 नवंबर को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फिलिबेक ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों और भारतीय लोकतंत्र पर अपनी बात रखी और 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया। उस समय मंच पर राहुल गांधी भी मौजूद थे और नारा लगने पर वे और कई नेता मुस्कुराते हुए नजर आए।
इटली के नेता द्वारा भारत में आयोजित कार्यक्रम में इस तरह नारेबाजी किए जाने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। भाटिया ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में लगे हैं और भारत को बदनाम करने तथा अस्थिरता फैलाने की साजिश से जुड़े मंचों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के भारत समिट को एंटी भारत समिट बताया। भाटिया ने कहा कि भारतीय मंच से एक विदेशी भारतीय जनादेश को चुनौती दे रहा है और उपहास उड़ा रहा है, लेकिन राहुल गांधी उसे रोकने के बजाय ताली बजाते और हंसते नजर आए।
इस बीच, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन की सहयोगी पार्टी फोर्जा इटालिया की नेता और सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने सोशल मीडिया पर फिलिबेक के बयान की सार्वजनिक रूप से कड़ी आलोचना की। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि एक इतालवी प्रतिनिधि ने भारत में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी पार्टी पर हमला बोला है। बर्गामिनी ने कहा कि एक बड़े और मित्र राष्ट्र के घरेलू राजनीतिक विवाद में इस तरह दखल देना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी है और सभी क्षेत्रों में गहरा सहयोग चल रहा है, ऐसे में आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप कूटनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।
फिलिबेक को आड़े हाथों लेते हुए बर्गामिनी ने कहा कि यूरोपीय नेताओं को ऐसे देश को लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए, जहां 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात या आरोप रखने की आजादी है, लेकिन इसके लिए आरोपों को साबित करने वाले सबूत भी होने चाहिए।