पटना: नए परिसीमन को लेकर तैयारी पूरी है और लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। इसका असर देश के साथ-साथ बिहार की राजनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल बिहार में लोकसभा की 40 और विधानसभा की 243 सीटें हैं। नया परिसीमन लागू होने पर राज्य में लोकसभा की 60 और विधानसभा की 365 सीटें हो सकती हैं।

परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन और सीटों की संख्या में संभावित वृद्धि संसदीय तथा राज्यस्तरीय राजनीति की दिशा बदल सकती है। लोकसभा और विधानसभा की संरचना बदलने से मतदाता-प्रतिनिधि अनुपात में फेरबदल होगा। इसके अलावा उम्मीदवारों के चयन, आरक्षित सीटों की स्थिति और राजनीतिक दलों के प्रभाव क्षेत्रों पर भी व्यापक असर पड़ सकता है।

लोकसभा सीटें बढ़ने से राष्ट्रीय राजनीति में बिहार का प्रतिनिधित्व और प्रभाव बढ़ सकता है। विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने पर नए निर्वाचन क्षेत्र बन सकते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर टिकट दावेदारों की संख्या और क्षेत्रीय नेतृत्व के उभार के अवसर बढ़ेंगे। परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने से चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सकती है।

सीटों की संख्या बढ़ने और सीमाओं के पुनर्गठन से भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस सहित अन्य दलों के गठबंधनों के बीच सीट बंटवारे के पुराने समीकरण बदल सकते हैं। भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिल पास होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि परिसीमन बिल भी पेश किए जाने की संभावना है, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।