सीबीआई ने कजाकिस्तान से हत्या के एक आरोपी को वापस लाने में सफलता पाई है, जिसकी तलाश हरियाणा पुलिस को थी। एक अधिकारी ने बताया कि आशीष कुमार के खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद उसे कजाकिस्तान के अल्माटी हवाई अड्डे पर देखा गया और भारत वापस लाया गया। हरियाणा पुलिस ने सोमवार को उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई के एक प्रवक्ता के अनुसार, आशीष कुमार हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था। यह घटना नवंबर 2025 की बताई जाती है, जब एक शादी समारोह के दौरान एक शख्स और आरोपी के बीच विवाद हो गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम स्थल से लौटते समय आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में उस शख्स की गाड़ी को जानबूझकर रोका और उस पर हमला किया। हमले में पीड़ित को जानलेवा चोटें आईं, जिनकी वजह से उसकी मौत हो गई।
