दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां टर्मिनल-3 में एक शख्स ने जबरन घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने सीआईएसएफ के एक जवान को धक्का दे दिया और भागने की कोशिश करने लगा।
एयरपोर्ट के सबसे महत्वपूर्ण और हाई सिक्योरिटी वाले हिस्से में हुई इस घटना के बाद मौके पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई की। जवानों ने चंद सेकंड के भीतर ही उस शख्स को दबोच लिया।
फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई अतिरिक्त जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के समय शख्स की मंशा क्या थी और उसने ऐसा क्यों किया, इस बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील परिसर में सुरक्षा में सेंध लगाने की यह कोशिश सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई अधिकारियों द्वारा की जा रही है।