शिवसेना के दोनों गुटों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाया कि उन्हें शाह के खिलाफ बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। शिंदे ने कहा कि ठाकरे मीडिया में बने रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने 2019 में भाजपा-शिवसेना गठबंधन टूटने का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों ने महाराष्ट्र की जनता और भाजपा के साथ विश्वासघात किया, उन्हें गृहमंत्री पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
इस बयानबाजी की शुरुआत सोमवार को पुणे से हुई, जहां अमित शाह ने जिला परिषद कार्यालय के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दिवंगत अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर शाह ने कहा था कि पवार का निधन महाराष्ट्र के लिए बड़ा नुकसान है। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि भाजपा ने ही अजित पवार पर 70 हजार करोड़ के घोटाले के आरोप लगाकर उनका जीना दुभर कर दिया था। ठाकरे ने कहा था कि शाह को प्रतिमा अनावरण से पहले पवार से माफी मांगनी चाहिए थी।
शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अनुच्छेद 370 हटाकर और अयोध्या में राम मंदिर बनाकर बालासाहब ठाकरे का सपना पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इसके बजाय उन्हें गालियां दी जा रही हैं और आरोप लगाए जा रहे हैं। शिंदे ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र और देश की जनता समझदार है। उद्धव ठाकरे ने इसके जवाब में कहा था कि देश में सत्ता परिवर्तन के अलावा कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि सत्ता उन लोगों के हाथ में है जो सिर्फ बातें करते हैं।
