अमेरिका की प्रतिष्ठित ट्रैवल मैगजीन ट्रैवल + लीजर ने भारत को साल 2027 के लिए 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' यानी 'साल का सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल' घोषित किया है। मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ जैकी गिफोर्ड ने अपने संपादकीय में इस सम्मान की घोषणा की, जो नवंबर 2026 में सार्वजनिक हुई। मैगजीन की ओर से यह पहचान किसी एक शहर, स्मारक या पर्यटन स्थल के आधार पर नहीं दी गई है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीव, खानपान और होटल एवं हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं को देखते हुए दी गई है।

गिफोर्ड ने भारत को लगभग 1.5 अरब आबादी वाला देश बताते हुए इसकी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में हर यात्रा के दौरान कुछ नया देखने और अनुभव करने को मिलता है। अपने संपादकीय में उन्होंने बचपन की भारत यात्रा को याद करते हुए यहां के रंगों, खानपान, साड़ियों, लोगों की गर्मजोशी और जीवंत माहौल का उल्लेख किया।

मैगजीन की विशेष रिपोर्ट में भारत के अलग-अलग क्षेत्रों और अनुभवों को जगह दी गई है। इनमें ताजमहल और देश की ऐतिहासिक विरासत, मध्य प्रदेश के पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में बाघों को देखने का रोमांच, नागालैंड का हॉर्नबिल फेस्टिवल, दिल्ली के चांदनी चौक का खानपान और मुंबई के अलग-अलग पहचान वाले इलाके शामिल हैं। रिपोर्ट में लक्षद्वीप, उदयपुर, चेत्तीनाड, मेघालय तथा धर्मशाला और मैकलोडगंज जैसे उन पर्यटन स्थलों को भी जगह मिली है, जो आमतौर पर विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद नहीं होते।

इस घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर भारत की विविधता एक बार फिर चर्चा में आ गई है। मैगजीन ने भारत के उन कई हिस्सों को दुनिया के सामने पेश किया है, जिनके बारे में विदेशी पर्यटकों को अभी बहुत कम जानकारी है।