नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के दो दिवसीय भारत दौरे के दौरान भारत और नेपाल ने कनेक्टिविटी, व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में 19 महत्वपूर्ण नतीजों की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा थी। दोनों देशों ने एक साझा विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया, जिसे आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करने वाला रोडमैप माना जा रहा है।

भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपये के सहयोग पैकेज का एलान किया। विदेश सचिव विक्रम मिस्री के मुताबिक, यह नेपाल को भारत की ओर से अब तक दिया गया सबसे बड़ा वित्तीय सहायता पैकेज है, जिसमें 11,500 करोड़ रुपये की रियायती ऋण सुविधा और 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता शामिल है। यह राशि मुख्य रूप से ऊर्जा परियोजनाओं और नेपाल में इस साल आई प्राकृतिक आपदाओं के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में खर्च की जाएगी। किन परियोजनाओं पर कितना पैसा लगेगा, यह दोनों देश आपसी बातचीत से तय करेंगे।

अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक नई साप्ताहिक यात्री ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस को दोनों प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी। इसके अलावा रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को पूरा करने की घोषणा हुई। धारचूला और दार्चुला को जोड़ने वाले नए मोटर योग्य सीमा पुल का उद्घाटन और बनबसा में नए एकीकृत चेक पोस्ट की आधारशिला भी रखी गई।

व्यापार के लिए भारत ने नेपाल को गुजरात के दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) और ओडिशा के पारादीप बंदरगाह तक पहुंच देने पर सहमति जताई। शिक्षा के क्षेत्र में नेपाल में आईआईटी का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने और चितवन में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क बनाने पर सहमति बनी। ऊर्जा क्षेत्र में 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई, मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन का दूसरा चरण समर्पित किया गया और झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। दौरे के दौरान दोनों देशों ने आठ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी किया।