1978 में आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी ने मीरजापुर के अहरौरा का दौरा किया था। टिकरा खड़ंजा स्थित एक राइस मिल पर जनसभा को संबोधित करने के बाद वे प्रसिद्ध व्यवसायी श्रीनाथ गुप्ता के परिवार के घर पहुंचीं। वहां उन्हें 53 किलो सिक्कों से तौला गया और सिक्कों का थैला उन्हें भेंट किया गया। भोजन के बाद वे सोनभद्र के लिए रवाना हो गईं थीं।

बताया जाता है कि यह दौरा 1977 के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद वापसी की तैयारी के सिलसिले में था। आपातकाल खत्म होने के बाद 1977 में हुए चुनाव में पहली बार गैर-कांग्रेसी सरकार बनी थी और मोरारजी देसाई देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने थे। उस चुनाव में इंदिरा गांधी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने फिर से प्रधानमंत्री बनने की तैयारी शुरू की थी।

अहरौरा के समाजसेवी कंदर्प आनंद के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की यादें आज भी उनके घर में संजोकर रखी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मीरजापुर भ्रमण के दौरान जब वे अहरौरा आई थीं, तो उनके वजन के बराबर के सिक्कों से उन्हें तौला गया था। उस समय उनका वजन 53 किलो था और सिक्कों का थैला उन्हें भेंट कर दिया गया था।