नई दिल्ली: आईपीएल 2027 को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सामने कप्तानी का सवाल है। पिछले सीजन यह जिम्मेदारी अजिंक्य रहाणे ने संभाली थी, लेकिन उन्होंने जुलाई में क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। ऐसे में टीम को नए कप्तान की तलाश है। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि रिंकू सिंह को केकेआर का नया कप्तान बनाया जा सकता है।

जियोस्टार से बात करते हुए इरफान पठान ने कहा कि रिंकू सिंह को कप्तान बनाने को लेकर काफी चर्चा हो रही है और टीम के पास कप्तानी के लिए ज्यादा विकल्प भी नहीं हैं। उनके मुताबिक, ऐसे में रिंकू सबसे बेहतर विकल्प नजर आते हैं। पठान ने यह भी कहा कि टीम नीलामी से किसी कप्तान को खरीदने के बारे में सोच सकती है और अगर ऐसा होता है तो उनके दिमाग में शाई होप का नाम आता है, लेकिन टीम मैनेजमेंट के काम करने के तरीके को देखते हुए उन्हें लगता है कि रिंकू सिंह ही केकेआर के नए कप्तान बनेंगे।

बता दें कि भारतीय टीम से बाहर चल रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह पिछले आईपीएल सीजन में केकेआर के उपकप्तान भी थे और घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव भी रखते हैं। वे टीम के प्रमुख बल्लेबाज हैं। 2018 में केकेआर के लिए आईपीएल डेब्यू करने वाले रिंकू ने फ्रेंचाइजी के लिए 73 मैचों में 34 की औसत और 146 की स्ट्राइक रेट से 1394 रन बनाए हैं।

इरफान पठान ने यह भी कहा कि केकेआर से रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची में कोई बड़ा चौंकाने वाला नाम नहीं है। उन्होंने कहा कि रहाणे के जाने से अंगकृष रघुवंशी को ऊपर आकर ओपनिंग करने का मौका मिल सकता है, अगर टीम उन्हें यह जिम्मेदारी देना चाहे। पठान के मुताबिक, पिछले साल बाहर रहने के बाद हर्षित राणा अब गेंदबाजी के लिए पूरी तरह फिट हो गए हैं, जिससे टीम की ताकत और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अगर कोलकाता के पास एक अच्छा लीडर हो तो उनका आने वाला सीजन पिछले सीजन के मुकाबले काफी बेहतर हो सकता है।