कोच्चि में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और एक छात्र पुलिस कैडेट (एसपीसी) के बीच हुए संक्षिप्त संवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में चेरानल्लूर के एक उच्च विद्यालय की छात्रा रविवार को एसपीसी की वर्दी में मुख्यमंत्री के पास जाती और उन्हें पौधा भेंट करती दिख रही है। सतीशन खड़े होकर गुलदस्ता स्वीकार करते हैं और उसे अपने बगल में रख लेते हैं।

इसके बाद छात्रा उनके सामने सलामी की मुद्रा में खड़ी रहती है। सतीशन बैठने ही वाले होते हैं कि उनकी नजर छात्रा पर पड़ती है। यह महसूस होते ही कि उन्होंने पहले सलामी का जवाब नहीं दिया था, वह तुरंत खड़े होते हैं और मुस्कुराते हुए सलामी का अभिवादन करते हैं। इसके बाद छात्रा वहां से चली जाती है।

कुछ सेकंड के इस क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है। कई यूजर्स ने इसे शिष्टाचार और पारस्परिक सम्मान का क्षण बताया है। ‘एक्स’ पर आदर्श हेगड़े नामक एक उपयोगकर्ता ने सलामी स्वीकार किए जाने तक उसी मुद्रा में खड़ी रहने के लिए छात्रा की प्रशंसा की और खड़े होकर मुस्कुराते हुए जवाब देने के लिए सतीशन की भी सराहना की।