कर्नाटक के मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार की शाम उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब बंगलूरू के लिए रवाना हो रहे एक विमान के विंग से चिंगारी निकलने लगी। विमान में 229 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बंगलूरू के लिए उड़ान भरते ही विमान के विंग से चिंगारी निकलने लगी। इस घटना से विमान में सवार 229 यात्रियों की सांसें अटक गईं।
घटना के बाद हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया। फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि चिंगारी किस कारण से निकली और विमान के साथ आगे क्या कार्रवाई की गई।
इस घटना को लेकर अभी तक हवाई अड्डा प्रशासन या विमानन कंपनी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।