प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की अहम बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट ने कुछ संशोधनों के साथ इस विधेयक को स्वीकृति दी है। बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी। इस विधेयक के सदन में पेश होने का रास्ता साफ हो गया है, जहां इसे पारित कराने के लिए एनडीए को दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।

विधेयक के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाई जाएगी। अगर यह दो तिहाई बहुमत से पास हो जाता है तो लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 850 हो जाएंगी। उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 और केरल की 20 सीटें बढ़कर 30 हो जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न हो। दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए हर राज्य में सीटें 50 फीसदी बढ़ाने पर सहमति बनी है और साल 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

सूत्रों का दावा है कि सरकार के पास दो तिहाई बहुमत का जुगाड़ हो गया है। नजरें डीएमके और शरद पवार की पार्टी एनसीपी एसपी पर टिकी हैं, जिन्होंने पिछली बार बिल का विरोध किया था, लेकिन सूत्रों के अनुसार दोनों दल अब समर्थन दे सकते हैं। बिल को महिला आरक्षण से जोड़ा जा रहा है; पास होने पर 850 सीटों में से 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।

इसी साल अप्रैल में भी यह विधेयक पेश किया गया था, लेकिन 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक पर हुए मतदान में सरकार को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था। पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे, जबकि 11 सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। पारित कराने के लिए 528 सदस्यों में से कम से कम 352 वोटों की जरूरत थी। सूत्रों के अनुसार, इस बार कुछ विपक्षी सांसद सदन से गैर-हाजिर रह सकते हैं, जिससे बिल पास कराने में मदद मिल सकती है।