संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू होने की संभावना है। इस सत्र में केंद्र सरकार महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल ला सकती है। प्रस्ताव के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की बात कही गई है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करना है। हालांकि, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ते विवाद के कारण इस सत्र में राजनीतिक टकराव भी देखने को मिल सकता है।
दिल्ली के पहाड़गंज के काशेरुवालन इलाके में आज निर्माणाधीन होटल की इमारत का एक हिस्सा ढह गया। हादसा उस समय हुआ, जब दूसरी मंजिल की छत का लेंटर डाला जा रहा था। हादसे में 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इमारत को सहारा देने वाले कॉलम गीले मिले और ढांचे में झुकाव भी पाया गया। सूचना मिलने पर दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में 11 नवंबर को हुए आतंकी हमले को लेकर झूठी खबर फैलाने के आरोप में बांदीपोरा पुलिस ने मोमिन उल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी 'बांदीपोरा वाला' नाम से फेसबुक पेज चलाता था। उसने पोस्ट में दावा किया था कि हमले में CRPF के तीन जवान मारे गए हैं, जबकि यह जानकारी गलत थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर फर्जी पोस्ट हटवा दी है और लोगों से अपील की है कि सुरक्षा से जुड़ी खबरों की पुष्टि किए बिना उन्हें सोशल मीडिया पर साझा न करें।
एअर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए सभी चार रूटों पर सीधी उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं। एयरस्पेस से जुड़ी रोक में छूट मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। इससे यात्रियों को रोम में ईंधन भरने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा और करीब 22 घंटे का सफर घटकर 17 घंटे रह जाएगा। दरअसल, पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने और मध्य पूर्व में तनाव के चलते एयर इंडिया की कुछ उड़ानों को रोम में तकनीकी ठहराव लेना पड़ रहा था। अब दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के JFK और नेवार्क एयरपोर्ट के लिए नॉन-स्टॉप सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।