प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ संबंधों को नई रफ्तार और मजबूती दी है। भारत और आसियान के बीच सहयोग अब साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे आधुनिक क्षेत्रों तक पहुंच गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों पक्षों के संबंधों में काफी विस्तार हुआ है। भारत ने 2014 से अब तक लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन भी दोनों पक्षों की नजदीकी को दिखाता है।
प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान के बीच सहयोग को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की करीब एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय आपसी सहयोग से तय होना चाहिए। मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों के पास क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बनाने की क्षमता भी है और इसके लिए जरूरी इच्छाशक्ति भी। आसियान देशों की यह उनकी तीसरी यात्रा है, जो भारत के लिए इस संगठन के विशेष महत्व को दर्शाती है। भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। आने वाले वर्षों में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों की साझा उम्मीदों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पीएम मोदी ने मौजूदा वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया को लगातार कई संकटों का सामना करना पड़ा है। ऐसे समय में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भविष्य को लेकर भरोसे की जरूरत है। उन्होंने इस साल के आसियान सम्मेलन की थीम 'नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर' यानी मिलकर अपने भविष्य की राह तय करना को अहम बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब सभी देशों को साथ मिलकर क्षेत्र के भविष्य के लिए नई दिशा तय करनी होगी। आसियान की एकता और क्षेत्रीय मामलों में उसकी केंद्रीय भूमिका को लेकर भारत की प्रतिबद्धता पहले की तरह मजबूत है और आगे भी बनी रहेगी। इस बैठक से भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई मिलेगी। साथ ही इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध बनाने में मदद मिलेगी।
