फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया को इस समय शांति और स्थिरता की सबसे अधिक जरूरत है। पीएम मोदी ने कहा कि आसियान की एकता और आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता अटूट रही है और आगे भी बनी रहेगी।

उद्घाटन भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान की कुल आबादी दुनिया की जनसंख्या का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है और हमारा साझा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने कई संकटों का सामना किया है और आज ऐसे माहौल की जरूरत है जिसमें भविष्य को लेकर अनिश्चितता न हो। उन्होंने इस संदर्भ में इस वर्ष के विषय 'मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना' को विशेष महत्वपूर्ण बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान, दोनों के पास सामर्थ्य और दृढ़ संकल्प है तथा दोनों पक्ष मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में 'आसियान सामुदायिक दृष्टिकोण 2045' और 'विकसित भारत 2047' साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और एक सुरक्षित, समावेशी एवं समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगी।

बता दें कि 11 देशों के आसियान समूह का हिस्सा भारत नहीं है, लेकिन भारत आसियान का स्ट्रैटजी पार्टनर है। मनीला में क्वाड सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शामिल होने के लिए पीएम मोदी वहां पहुंचे हैं। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन आसियान साल 1967 में स्थापित हुआ था और इसके सदस्य देशों में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद साझेदार हैं।