गेमिंग कंपनी रॉकस्टार ने करीब 13 साल बाद 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI' यानी 'GTA VI' लॉन्च किया है। इस गेम को लेकर गेमिंग कम्युनिटी में भारी उत्साह है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर GTA VI से जुड़ा एक पोस्ट कर सबको चौंका दिया। पोस्ट में पीएम मोदी ने GTA V से GTA VI तक के 13 सालों में भारत में हुई तरक्की की झलकियां दिखाईं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "भारत एक नया ही गेम खेल रहा है।"

पीएम मोदी ने पोस्ट के साथ दस तस्वीरें साझा कीं। इनके जरिए उन्होंने बताया कि कैसे भारत ने बीते 13 सालों में गरीबी और नक्सलवाद जैसी समस्याओं से निपटने में कामयाबी पाई। एक तस्वीर में बताया गया कि पहले भारत में गरीबी चरम पर थी और अब वह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है। पोस्ट में स्वच्छता मिशन पूरा होने, सौर ऊर्जा क्षमता में विस्तार, स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप बूम और डिफेंस एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी का भी जिक्र है। पीएम मोदी ने बताया कि 13 साल पहले देश के 182 जिले नक्सल प्रभावित थे, अब यह आंकड़ा शून्य तक पहुंचा दिया गया है।

इससे पहले बुधवार को दुनिया भर के गेमर्स को बहुप्रतीक्षित GTA VI की पहली झलक मिली। यह सीरीज खिलाड़ियों को एक काल्पनिक अमेरिकी शहर में गैंगस्टर जैसी जिंदगी जीने का मौका देती है, जहां अपराधियों और ठगों से लड़कर गेम में आगे बढ़ना होता है। रिलीज के बाद गेम को लेकर खिलाड़ियों और समीक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। रिव्यू एग्रीगेटर 'मेटाक्रिटिक' ने गेम को 100 में से 99 अंक दिए हैं। एनालिटिक्स फर्म ओम्डिया का अनुमान है कि GTA VI साल के अंत तक रॉकस्टार गेम्स और उसकी मूल कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के लिए 3.2 बिलियन डॉलर की बिक्री कर सकता है।

रॉकस्टार को इस गेम को लाने में आठ साल से अधिक समय लगा। 2022 में हुए एक हैक और पिछले साल हुए लीक के कारण स्टूडियो को दो बार इसका लॉन्च टालना पड़ा। इसके अलावा इस सीरीज पर लंबे समय से हिंसा और अपराध का महिमंडन करने के आरोप भी लगते रहे हैं।