ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन इन दिनों भारत दौरे पर हैं। मंगलवार, 17 नवंबर को मुंबई दौरे के दूसरे दिन शाही जोड़े ने अर्थशॉट प्राइज 2026 के 15 फाइनलिस्ट से मुलाकात की। इस दौरान प्रिंस विलियम खुद इलेक्ट्रिक ऑटो चलाते नजर आए, जबकि केट मिडलटन पीछे बैठकर सवारी का आनंद लेती दिखीं। यह ऑटो राइड बांद्रा-वर्ली सी लिंक के खूबसूरत नजारे के बीच हुई। जिस इलेक्ट्रिक ऑटो में दोनों ने सफर किया, उसे महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी ने तैयार किया है। कंपनी भारत की उन दो फाइनलिस्ट में शामिल है, जिन्हें पर्यावरण के क्षेत्र में उनके काम के लिए अर्थशॉट पुरस्कार के लिए चुना गया है।
केट मिडलटन इस मुलाकात के दौरान आइवरी व्हाइट रंग के पैंटसूट में नजर आईं। उनके ब्लेजर में खास डिजाइन वाले कंधे, लैपल कॉलर और कमर पर फिटिंग थी। इसके साथ उन्होंने सफेद रंग का वी-नेक टॉप और वाइड लेग ट्राउजर पहना। केट ने अपने लुक को हल्के सोने के पेंडेंट और आकर्षक ईयररिंग्स के साथ पूरा किया। उन्होंने बाल खुले रखे थे और हल्का मेकअप किया था। वहीं, प्रिंस विलियम सफेद शर्ट के ऊपर हल्के नीले रंग का पिनस्ट्राइप ब्लेजर पहने नजर आए। शर्ट का कॉलर खुला रखा था, जिससे उनका लुक थोड़ा कैजुअल नजर आया। इसके साथ उन्होंने गहरे नीले रंग की ट्राउजर और भूरे रंग के जूते पहने थे।
अर्थशॉट प्राइज पर्यावरण संरक्षण और जलवायु से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए दिए जाने वाले पुरस्कारों में शामिल है। इसके तहत पर्यावरण से जुड़े नए और प्रभावी समाधानों को प्रोत्साहित किया जाता है। मुंबई में प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने 2026 के 15 फाइनलिस्ट से मुलाकात कर उनके काम के बारे में जाना।
इससे पहले सोमवार को प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन के साथ सचिन तेंदुलकर मुंबई की गलियों में नजर आए थे। इस दौरान इन्होंने गली क्रिकेट का लुत्फ उठाया और साथ में कुल्हड़ चाय भी पी। वहीं, प्रिंस विलियम और केट ने बच्चों के साथ बातचीत की और स्थानीय म्यूजिशियन ने उनका मनोरंजन भी किया।