लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक खुले संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने से मुकाबला करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनसे मुकाबला करना चाहता है तो उसे 4,000 किलोमीटर पैदल चलना होगा, वरना लोग उसे उनकी नकल कहेंगे। राहुल गांधी ने अपनी 4,000 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राजनीतिक विशिष्टता पर बात की और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि एक राजनेता के तौर पर मोदी अन्य सभी राजनेताओं से बुनियादी तौर पर अलग हैं।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने भारी बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली की कमियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल लगभग एक दशक पहले ही परिणाम देना बंद कर चुका है। उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्ट-अप इंडिया जैसी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए विनिर्माण क्षेत्र को पुनर्जीवित करने और छोटे व मध्यम उद्योगों को मजबूत करने की वकालत की। उन्होंने आर्थिक विकास का लाभ कुछ गिने-चुने बड़े व्यापारिक समूहों तक सीमित रहने पर भी सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी ने राजनीति में मौजूद कुछ अलिखित नियमों को चुनौती देने की बात कही। उन्होंने कहा कि राजनीति में यह धारणा है कि कोई अच्छा या ईमानदार नहीं हो सकता और प्यार व स्नेह का इस्तेमाल नहीं कर सकता, जबकि ईमानदारी और प्यार बहुत ताकतवर हथियार हो सकते हैं। भाजपा ने उनके बयान पर पलटवार करते हुए इसे विदेशी धरती पर भारत विरोधी दुष्प्रचार करार दिया है।
