सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कुछ पहलुओं पर बात की। इस दौरान उनसे उनकी गर्लफ्रेंड के बारे में सवाल पूछा गया, जिसका उन्होंने जवाब दिया।

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और पिता राजीव गांधी की लंदन के एक रेस्तरां में हुई पहली मुलाकात से जुड़ा किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि परिवार में यह कहानी सुनाई जाती रही है कि उनके माता-पिता पहली बार ब्रिटेन के कैम्ब्रिज स्थित ‘वर्सिटी रेस्तरां’ में मिले थे। कई साल बाद वह भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्तरां में गए थे। कार्यक्रम से निकलते समय जब उनसे पूछा गया कि अब वह गर्लफ्रेंड कहां है, तो राहुल गांधी पहले मुस्कुराए और फिर कहा कि वह गर्लफ्रेंड अब फ्रेंड है।

इस मौके पर राहुल गांधी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अचानक उन्होंने अपनी मुख्य आधार इंदिरा गांधी को गोली खाते देखा और फिर अपने सबसे बड़े आधार राजीव गांधी को चिथड़े-चिथड़े होते देखा। उन्होंने कहा कि उनकी मां से अक्सर इस बात पर बहस होती है क्योंकि उनकी याददाश्त बहुत तेज है और वह कुछ नहीं भूलतीं, सिवाय एक चीज के। अगर उनसे पूछा जाए कि पापा की मौत के समय क्या हुआ था, तो उन्हें कुछ याद नहीं रहता। राहुल गांधी ने कहा कि किताब में जो पढ़ा गया है, उसे उनकी बहन और उन्होंने मिलकर तैयार किया है। उन्होंने कहा कि उनका शानदार जीवन और अद्भुत प्यार एक ही दिन में खत्म हो गया।

सोनिया गांधी ने किताब लिखने की वजह बताते हुए कहा कि उनके परिवार, सास, पति, बेटे, बेटी और उनके बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है, जिसमें से ज्यादातर बातें सच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनके साथियों और दोस्तों ने भी शायद ऐसा ही अनुभव किया होगा, जहां लोगों के बारे में तरह-तरह की कहानियां गढ़ी जाती हैं और झूठ फैलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सोचा कि यह अपनी भावनाओं को सामने लाने का जरिया हो सकता है और वे अपने परिवार के बारे में जो जानती हैं, उसे साझा कर सकती हैं।