कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर शिव-पार्वती की तस्वीर साझा करते हुए भाजपा और RSS पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने इनके समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है। यह प्रतिक्रिया सोनिया गांधी की किताब की लॉन्चिंग में कही गई एक बात पर ट्रोलिंग के बाद आई है।

दरअसल, सोमवार को सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की आधिकारिक लॉन्चिंग के मौके पर राहुल गांधी ने माता-पिता से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया था कि खाना खाते समय पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं। उन्हें बचपन में यह सामान्य लगता था। दोस्तों के घर जाकर जब उन्होंने ऐसा नहीं देखा तो वे उनसे पूछते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।

इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक तरफ राहुल गांधी को निजी पारिवारिक बातें सार्वजनिक मंच पर साझा करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है और उनके बयान पर मीम्स बन रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इसे माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन जताने वाली बचपन की याद बता रहे हैं। कुछ यूजर्स ने बयान को असहज करने वाला बताया, जबकि समर्थकों का कहना है कि माता-पिता के रिश्ते में प्यार जताने के तरीके को मजाक का विषय नहीं बनाना चाहिए।

इस बीच असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि सॉरी मैडम, आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी की किताब की दिल्ली में 16 नवंबर को आधिकारिक लॉन्चिंग हुई थी, जिसमें राहुल और प्रियंका के साथ तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी।