लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के समर्थकों के मन में भय, क्रोध और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे इन लोगों को इस जाल से मुक्त कराएं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की सुंदरता का अनुभव कर सकें। राहुल गांधी ने यह बयान अपनी मां सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन समारोह में की गई टिप्पणियों पर सोशल मीडिया में हो रही आलोचना के बाद दिया। उन्होंने एक्स पर भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप की तस्वीर साझा करते हुए पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' भी लिखा।

इससे पहले राहुल गांधी ने नई दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच प्रेम का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि परिवार में उन्होंने देखा था कि खाना खाते समय उनकी मां अक्सर पिता की गोद में बैठती थीं और बचपन में यह उन्हें सामान्य बात लगती थी।

असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के इस बयान की आलोचना की थी। उन्होंने लिखा था कि राहुल गांधी अपनी मां को शर्मिंदा होने से नहीं रोक पाए और देश यह बहुत पहले समझ चुका था। राहुल गांधी के नए पोस्ट पर भी सरमा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर लिखा कि किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू होता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय खुद को ईश्वर की तरह प्रस्तुत करने लगता है। उन्होंने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं, बल्कि अहंकार है। सरमा ने कहा कि कोई भी गांधी या कोई भी इंसान कभी ईश्वर नहीं बन सकता और विनम्रता महानता की नींव है।