अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने व्यवस्था में बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था के तहत नकदी गिनने वाले कर्मचारियों को बिना जेब वाली विशेष यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य किया गया है। यह व्यवस्था लागू हुए करीब एक पखवाड़ा हो चुका है।
ट्रस्ट ने चढ़ावे की सुरक्षा और काउंटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ये कदम उठाए हैं। काउंटिंग के दौरान अब एसआईएस सिक्योरिटी के पांच कर्मचारी निगरानी के लिए तैनात रहते हैं। चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद काउंटिंग रूम में दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी अनिवार्य कर दी गई है। गिनती की प्रक्रिया में दो बैंककर्मी और ट्रस्ट के दो प्रतिनिधि भी शामिल रहते हैं।
कर्मचारियों की आवाजाही पर भी सख्ती बढ़ाई गई है। अब कर्मचारियों की एंट्री तीन स्तर पर दर्ज की जाती है और दो अलग-अलग स्थानों पर उनकी जांच की जाती है।
ट्रस्ट का उद्देश्य काउंटिंग रूम में किसी भी अनधिकृत वस्तु के प्रवेश को रोकना है। साथ ही चढ़ावे की नकदी के दुरुपयोग की आशंका को खत्म करना और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।
