केरल के सबरीमाला में भगवान अयप्पा मंदिर के कपाट मंगलवार को खुल गए हैं। कपाट खुलने के साथ ही वार्षिक मंडल मकरलिलक्कु तीर्थयात्रा की शुरुआत हो गई है। मलयालम कैलेंडर के पहले महीने वृश्चिकम के पहले दिन मुख्य पुजारी मंदिर के द्वार खोलते हैं, जिसके बाद तीर्थयात्रा शुरू होती है। पूजा की तैयारियों के लिए पुजारियों ने सोमवार शाम को मंदिर में प्रवेश किया था। इस बार नए पुजारी व्यवस्था देख रहे हैं, और पूर्व पुजारियों ने उन्हें उत्तराधिकार सौंपा। पूरे विधि-विधान के साथ अभिषेक अनुष्ठान कराया गया।

जानकारी के मुताबिक पहले ही दिन लगभग 66 हजार श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन माध्यम से कतार के लिए टिकट ली है, जबकि 14 हजार से ज्यादा लोगों ने खिड़की से बुकिंग कराई है। एक दिन में 80 हजार लोग दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में 18 पवित्र सीढ़ियां हैं, जहां अकसर भीड़ हो जाती है और पुलिस के सामने भीड़ नियंत्रित करने की चुनौती रहती है। इस बार हर मिनट में करीब 75 श्रद्धालु इन सीढ़ियों पर चढ़ेंगे। इस बार पंबा में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जो नदी किनारे स्थित है और जहां भीड़ बढ़ने का जोखिम बना रहता है।

केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को वार्षिक मंडल तीर्थयात्रा सीजन के शुभारंभ पर अयप्पा भक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पवित्र मंडल सीजन की शुरुआत के साथ घरों और तीर्थयात्रा के रास्तों पर भक्ति मंत्र 'स्वामी शरणम अयप्पा' गूंजता है, जो लाखों भक्तों की गहरी आस्था और भक्ति को दिखाता है।

तीर्थयात्रियों की मदद के लिए एर्नाकुलम, चेंगन्नूर, तिरुवल्ला, कोट्टायम और कायमकुलम रेलवे स्टेशनों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जो 24 घंटे काम करेंगे। ये केंद्र तिरुवनंतपुरम में रेलवे पुलिस कमांडेंट कंट्रोल सेंटर की देखरेख और समन्वय में काम करेंगे। तीर्थयात्री मदद और जानकारी के लिए 9846200100 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 डायल कर सकते हैं, और रेलवे से जुड़ी सहायता व शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं। केरल पुलिस के आधिकारिक पोल-ऐप के जरिए भी कई पुलिस सेवाएं ली जा सकती हैं।