सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने उस वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है, जिसने कथित तौर पर 16 नवंबर को अदालती कार्यवाही के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। एससीबीए की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने आज सीजेआई के सामने यह मामला रखा। उन्होंने कोर्ट को बताया कि वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की याचिका दायर करने के लिए भारत के अटॉर्नी जनरल की सहमति ले ली गई है। इस मामले में 18 नवंबर को सुनवाई होगी।
बताया गया है कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान संबंधित वकील ने सीजेआई पर व्यक्तिगत टिप्पणी की। पीठ में सीजेआई सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी मौजूद थे। सीजेआई ने वकील से इंतजार करने को कहा और आश्वासन दिया कि उनके कागजात देखे जाएंगे, लेकिन वकील इंतजार करने को तैयार नहीं हुए। वकील ने कथित तौर पर कहा कि वह इंतजार नहीं करेंगे और सीजेआई उस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वकील ने न्यायमूर्ति बागची और न्यायमूर्ति मोहना के प्रति सम्मान जताया, लेकिन सीजेआई सूर्यकांत को इस पद के योग्य मानने से इनकार कर दिया। घटना के बाद कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। अदालत में मौजूद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद संबंधित वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले जाया गया। वहां मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने सीजेआई से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की।
यह मामला तब शुरू हुआ जब वकील ने अपने केस की तत्काल सुनवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को उन्होंने सीजेआई सूर्यकांत के कार्यालय में अपना मामला रखा था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। वकील ने कहा कि इसी वजह से उन्हें अदालत के सामने आना पड़ा। उन्होंने शुरुआत में दोपहर दो बजे मामले का उल्लेख करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने के लिए माफी भी मांगी। इस पर न्यायमूर्ति वी. मोहना ने कहा कि इस तरह किसी मामले का उल्लेख नहीं किया जा सकता। हालांकि, वकील अपनी बात पर अड़े रहे और पीठ से दस्तावेज देखने का अनुरोध करते रहे।