केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में कहा कि कश्मीर अब स्थानीय स्तर पर भर्ती किए गए आतंकियों से मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि देश से आतंकवाद, ऑर्गनाइज्ड क्राइम और ड्रग्स संबंधी समस्याओं को खत्म किया जाएगा। शाह के मुताबिक, विदेश भाग चुके अपराधियों को भारत लाना जरूरी है और 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को देश वापस लाया गया है।
शाह ने कहा कि आतंकी फंडिंग के पूरे नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है, जिसके लिए वित्तीय जांच से जुड़ी एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाना होगा। उन्होंने बताया कि देश में हर पुलिस स्टेशन तक आतंकवाद से निपटने की एक समान रणनीति लागू की जा रही है, जो कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक लागू होगी। शाह ने यह भी कहा कि 11 राज्यों की पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक ही रात में PFI नेटवर्क को बड़ा झटका दिया और यह अभियान पूरी दुनिया के लिए केस स्टडी बन गया है।
इस बीच, बुधवार को कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया था। उस पर 15 लाख का इनाम था और वह 11 नवंबर को CRPF पोस्ट पर हुए हमले में वॉन्टेड था, जिसमें 3 जवान घायल हुए थे। सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ ने उमर निसार डार के साथ नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी और इसके बाद दोनों फरार हो गए थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस ने दोनों को घेर लिया था, जिसमें उमर मारा गया, लेकिन पैर में गोली लगने के बावजूद लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था।
मुठभेड़ से पहले जवानों ने लतीफ भट को वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए कहा। वह एक मस्जिद में छिपा था। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, 'हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।' लतीफ ने जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।' दो दिन बाद देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में उसके छिपे होने की जानकारी मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लतीफ आतंकी बनने से पहले बढ़ई था और पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था।
