एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने गुरुवार को कहा कि देश में सावरकर का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता आनंद परांजपे ने उद्धव ठाकरे से पूछा कि क्या वे कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा की निंदा करेंगे, जिसमें सावरकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां होने का दावा किया गया है। परांजपे ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ने 2019 में मुख्यमंत्री पद के लालच में बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों और हिंदुत्व को त्याग दिया।
परांजपे ने एक तस्वीर दिखाई, जिसमें कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे और सांसद संजय राउत की मौजूदगी में उद्धव ठाकरे को सोनिया गांधी की किताब भेंट करते दिखाया गया है। उन्होंने पूछा कि क्या उद्धव इस किताब की निंदा करेंगे और राहुल गांधी की महाराष्ट्र यात्रा के दौरान सावरकर पर की गई टिप्पणियों पर अपना रुख स्पष्ट करेंगे। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उद्धव दिल्ली में सोनिया और राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध करेंगे।
बुधवार को शिंदे गुट के नेताओं ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी की किताब 'बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के पन्ने फाड़कर विरोध जताया था। पार्टी का दावा है कि किताब के पन्ना नंबर 201 और 403 पर सावरकर के खिलाफ अपमानजनक बातें लिखी हैं। इस दौरान शिवसेना नेता शाइना एनसी उस समय असहज स्थिति में फंस गईं जब उन्होंने गलती से एक ऐसा कागज फाड़ दिया जिस पर बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर छपी थी। परांजपे ने कहा कि शाइना ने इस भूल के लिए माफी मांग ली है, इसलिए अब इस मामले पर आगे किसी टिप्पणी की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवसैनिक बालासाहेब को देवता की तरह पूजते हैं और शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ही उनकी असली विचारधारा को आगे बढ़ा रही है।
परांजपे ने उद्धव ठाकरे को 27 अगस्त 2004 की घटना याद दिलाई, जब मणिशंकर अय्यर ने पोर्ट ब्लेयर की सेलुलर जेल से सावरकर की पट्टिका हटाने का आदेश दिया था। उस समय मुंबई के शिवाजी पार्क में 'जोड़े मारो' आंदोलन हुआ था, जिसमें बालासाहेब ठाकरे 'मातोश्री' से अपनी सफेद चप्पल लेकर आए थे और सबसे पहले अय्यर के पुतले पर मारी थी। परांजपे के मुताबिक, इसके बाद उद्धव ठाकरे ने भी वैसा ही किया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है उद्धव साहब उस घटना को भूल गए हैं। उन्होंने संजय राउत को भी चुनौती दी कि वे सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करें।
