तेलंगाना के विकाराबाद जिले में रविवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बुग्गा रामेश्वरम के पास एक ट्रक ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो चालक और उसमें सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान नागेश, चंद्रम्मा, पर्वतम्मा और सरिता के रूप में हुई है। ये सभी पेंडलिमुडुगु गांव के रहने वाले थे और किसी काम से केरेली की ओर जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया है और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में एक अन्य हादसे में निजी ट्रैवल बस के चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मनुबोलू चौराहे के पास बस का एक टायर फटने से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से फिसलकर खेत में जा गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कर्नाटक के शिवमोगा में कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें नवविवाहित जोड़े की मौत हो गई। यह हादसा शिवमोगा जिले में सागर रोड के पास रिंग रोड पर हुआ। मृतकों की पहचान पति किरण जी (24 वर्ष) और पत्नी सौम्या (22 वर्ष) के रूप में हुई। किरण शिवमोगा सिटी कॉर्पोरेशन में आउटसोर्स कर्मचारी थे। शादी के करीब डेढ़ महीने बाद ही दोनों की मौत हो गई। बताया गया है कि दोनों शरावती नगर स्थित अपने घर से सौम्या के गोविंदपुरा स्थित घर जा रहे थे, तभी रिंग रोड पर उनकी बाइक कार से टकरा गई। तुंगानगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले में एक अन्य हादसे में एक लोकप्रिय तेलुगु टीवी शो के दो कॉमेडियन घायल हो गए। पलाकोडेरू मंडल में पेन्नाडा अग्रहारम के पास काकीनाडा से भीमावरम जा रही उनकी कार बिजली के खंभे से टकरा गई। शो की टीम के सदस्य राइजिंग राजू और दोराबाबू घायल हुए और उन्हें भीमावरम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।