त्रिपुरा में नगर निकाय चुनाव के लिए बुधवार (25 नवंबर) को प्रचार थम गया। राज्य में 27 नवंबर 2026 को मतदान होगा। इन चुनावों में अगरतला नगर निगम (AMC) समेत कुल 21 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) में चुनाव होने थे। हालांकि, इनमें से पांच निकायों में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं। ऐसे में अब केवल 16 क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा।

राज्य चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए जरूरी इंतजाम करने का भरोसा दिया है। चुनाव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निकाय चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कंपनियों को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया जा रहा है।

पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक नमित पाठक ने बताया कि पश्चिम जिले में सीएपीएफ की 15 कंपनियां मौजूद हैं। इन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया जा रहा है। सुरक्षा के तहत अलग-अलग इलाकों में फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं। इसके अलावा पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जगह-जगह चेकिंग पॉइंट और पुलिस पिकेट भी लगाए गए हैं।

वहीं, पश्चिम त्रिपुरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल दास ने बताया कि चुनाव के लिए सीएपीएफ की 13 कंपनियां पहुंच चुकी हैं। इनमें से एक कंपनी उत्तर जिले में तैनात की गई है। पश्चिम जिले को तीन कंपनियां दी गई हैं, जबकि बाकी कंपनियों को अन्य जिलों में भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य चुनाव के दौरान सुरक्षा बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।