केंद्र सरकार महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश करने जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक परिसीमन के जरिए लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी और नया बंटवारा 2051 तक लागू रहेगा। विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है। विधेयक सोमवार (30 नवंबर) को पेश किया जाना है।
संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई सांसदों के समर्थन की जरूरत है। इससे पहले 17 अप्रैल को सरकार का प्रस्ताव 298 वोटों पर सिमट गया था, जबकि 528 उपस्थित सदस्यों में से 352 वोटों की जरूरत थी। अब दावा किया जा रहा है कि TMC के 20 बागी सांसदों के साथ सरकार के पास 321 सांसदों का समर्थन है। इनके अलावा शरद पवार की पार्टी NCP के 8, DMK के 22 और YSRCP के 4 सांसद भी सरकार का साथ दे सकते हैं, जिससे संख्या 356 तक पहुंचने की बात कही जा रही है। तीन निर्दलीय और एक-एक सांसद वाले तीन दल भी समर्थन दे सकते हैं।
सवाल यह है कि क्या TMC के बागी 20 सांसदों को वोट देने का अधिकार है, जब उनकी अयोग्यता का मामला स्पीकर और सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। संविधान और सुप्रीम कोर्ट (सुभाष देसाई बनाम महाराष्ट्र केस, 2023) की कानूनी स्थिति के अनुसार इन सांसदों को वोट देने का अधिकार है, क्योंकि जब तक स्पीकर अयोग्यता पर अंतिम फैसला नहीं सुनाते, तब तक सदस्यता या वोट देने का अधिकार निलंबित नहीं होता। अगर ये सांसद वोट डालते हैं और बाद में अयोग्य ठहराए भी जाते हैं, तब भी उनका वोट रद्द नहीं होगा, क्योंकि अयोग्यता का आदेश भावी तारीख से लागू होता है।
TMC सांसद सागरिका घोष ने इन बागी सांसदों को अयोग्य घोषित करने वाली अभिषेक बनर्जी की याचिका पर स्पीकर द्वारा की जा रही देरी और कानूनी वैधता पर सवाल उठाए हैं। बागी सांसदों का तर्क है कि 2/3 से अधिक संख्या होने के कारण उन्हें दलबदल कानून की धारा 4 के तहत संरक्षण प्राप्त है, जबकि TMC का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के रुख के मुताबिक मूल राजनीतिक दल का विलय होना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट (केशम मेघचंद्र सिंह केस, 2020) स्पष्ट कर चुका है कि अयोग्यता याचिकाओं का निपटारा साधारण परिस्थितियों में 3 महीने के भीतर हो जाना चाहिए। अब सब कुछ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्णय के समय पर निर्भर करता है। उल्लेखनीय है कि जून 2026 में TMC के 28 में से 20 लोकसभा सांसदों ने बगावत कर एनडीए समर्थक NCPI में विलय का ऐलान किया था, जिसके बाद अभिषेक बनर्जी ने दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता की याचिका दायर की थी। लगभग छह महीने बीतने के बाद भी मामला लंबित है और सभी 20 बागी सांसदों ने 24 नवंबर को अपना लिखित जवाब दाखिल किया है।
