केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह बिल पास होने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा में 600 सीटें हो जाएंगी।

सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सोमवार से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश करेगी। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे, जबकि तीसरा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित होगा। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सरकार को तीनों विधेयकों के संसद से पारित होने का पूरा भरोसा है। एक सूत्र ने कहा कि कई राजनीतिक दलों और उनके नेताओं से विचार-विमर्श के बाद ही विशेष बैठक बुलाने का फैसला किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर होगा, जबकि राज्यों के बीच निर्वाचन क्षेत्रों के अनुपात का निर्धारण 1971 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में परिसीमन आयोग के गठन और संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण से जुड़े प्रावधान होंगे। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लेने के कारणों संबंधी बयान में कहा है कि नए विधेयक में महिलाओं के आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है।

संविधान के अनुच्छेद 170 के तहत किसी राज्य की विधानसभा में अधिकतम 500 सदस्य हो सकते हैं। सरकार इस सीमा को बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव कर रही है। सूत्रों ने कहा कि सरकार किसी भी परिस्थिति में उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं चाहती और इसके लिए संविधान में विशेष प्रावधान किया जाएगा। लक्षद्वीप तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में सीटें बढ़ाने का फार्मूला लागू नहीं होगा, जबकि नगालैंड और मिजोरम जैसे राज्यों में लोकसभा की सीटें बढ़ाकर दो किए जाने की संभावना है। सरकार नए विधेयक पेश करने से पहले लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 को वापस लेगी।