हैदराबाद में 14 नवंबर को आयोजित 'भारत समिट' कार्यक्रम के दौरान इटली के राजनेता जियाकोमो फिलिबेक के नारे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। याचिकाकर्ता जाहिद अली ने शीर्ष अदालत से मांग की है कि भारत के किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में विदेशी लोगों को शामिल होने की अनुमति न दी जाए। इसके अलावा उन्होंने हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के इस कार्यक्रम की जांच कराने और तेलंगाना सरकार से माफी मांगने की भी मांग की है।

कार्यक्रम में राहुल गांधी की मौजूदगी में फिलिबेक ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया था। इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोला। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत समिट को 'एंटी भारत समिट' कहना उपयुक्त होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का मकसद भारत को बदनाम करना है और इसके लिए विदेशियों को बुलाकर भारत के खिलाफ बयान दिलवाया जाता है। भाटिया ने यह भी कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत के लोकतंत्र पर झूठे आरोप लगाए जाते हैं।

इस बीच फिलिबेक ने राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 'एक व्यक्ति, एक वोट' के सिद्धांत का समर्थन करते हैं और पारदर्शी वोटर लिस्ट को लेकर उन्होंने बड़ा अभियान चलाया। अपने भाषण में फिलिबेक ने भारत के लोकतंत्र पर लंबी बात की और कहा कि बाबा साहेब ने इसे राजनीतिक लोकतंत्र से सामाजिक लोकतंत्र बनाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का मतलब सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि लोगों को उनके अधिकार और सम्मान दिलाना है।

कार्यक्रम का आयोजन तेलंगाना सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन ने मिलकर किया था। इसमें नॉर्वे की पत्रकार हेला लिंग को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन कांग्रेस के अनुसार अंतिम समय में उनका वीजा रद्द हो गया। हेला वही पत्रकार हैं जिन्होंने पीएम मोदी से सवाल किया था। कांग्रेस का कहना है कि कम से कम 116 विदेशी प्रतिनिधियों को भारत आने की अनुमति नहीं दी गई।