अडाणी डिफेंस ने राजस्थान की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में वाहन-आधारित एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम बघीरा एटी1 का सफल परीक्षण किया है। कंपनी के अनुसार, दिन और रात दोनों स्थितियों में चार मिसाइलों ने लक्ष्यों को सटीक निशाना बनाया। इस प्रदर्शन के दौरान सेना और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कंपनी ने बताया कि यह प्रणाली 18 महीनों में देश की जरूरतों के अनुरूप विकसित की गई है। यह अडाणी डिफेंस द्वारा ही डिजाइन किए गए 4x4 हाई-मोबिलिटी बख्तरबंद वाहन पर तैनात है। यह मिसाइल आठ किलोमीटर तक बख्तरबंद लक्ष्यों को भेदने में सक्षम बताई गई है। इसमें एक ही लेजर बीम पर लगातार दो मिसाइलें दागकर टैंक के प्रोटेक्शन सिस्टम को मात देने की तकनीक है। मिसाइल में जैमिंग-रोधी गाइडेंस प्रणाली भी लगी है, जिससे ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर के दौर में जैमिंग का खतरा कम रहता है।
कंपनी के मुताबिक, आधुनिक संघर्षों में लंबी दूरी और तेज गति की जरूरत बढ़ी है। बघीरा एटी1 सेना को जमीन से तेज और लंबी दूरी का ठोस विकल्प देती है। साल 2025-26 में भारत का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपये रहा, जिसमें निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 24 फीसदी यानी करीब 42,000 करोड़ रुपये रही। यह स्वदेशी प्रणाली आपातकालीन आयात पर निर्भरता घटाने में मददगार साबित हो सकती है।
एंटी-टैंक मिसाइल प्रणालियों में स्वदेशी सीकर, गाइडेंस लॉजिक और प्रोपल्शन जोड़ने से विदेशी सप्लाई चेन पर निर्भरता कम होती है और भविष्य में मित्र देशों को रक्षा निर्यात की संभावनाएं भी खुलती हैं।
