जमशेदपुर पुलिस ने कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ हैदर अली उर्फ छोटे सरकार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को सीतारामडेरा थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर धनबाद जिले के वासेपुर स्थित उसके पैतृक आवास पर इश्तेहार चस्पा किया और आरोपी को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का फरमान जारी किया है।

पुलिस के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह और उनके पुत्र से दो करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर प्रिंस खान के इशारे पर उसके गुर्गों ने वर्ष 2025 में उनके घर पर फायरिंग की थी। इस मामले के मुख्य सूत्रधार प्रिंस खान के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी है और हाल ही में धनबाद पुलिस ने उसके घर पर बुलडोजर भी चलवाया था।

पुलिस अनुसंधान के मुताबिक, इस वारदात के पीछे अंतरराष्ट्रीय और अंतर-जिला नेटवर्क सामने आया था। वारदात की मुख्य पटकथा अपराधी दशरथ शुक्ला ने तैयार की थी, जिसने कारोबारी के पुत्र हरीश सिंह के साथ शराब कारोबार की योजना विफल होने पर बदला लेने की ठानी थी। पलामू जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के जरिए उसकी पहुंच दुबई में बैठे प्रिंस खान तक हुई और उसके निर्देश पर जमशेदपुर के स्थानीय युवकों को इस गैंग से जोड़ा गया। फायरिंग के बाद व्हाट्सएप पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और परिवार को जान से मारने की धमकी का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था।

इस मामले में पुलिस अब तक सागर सिंह सहित पांच शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। सागर सिंह को 15 जुलाई 2026 की सुबह गोलमुरी थाना क्षेत्र की पंजाबी रिफ्यूजी कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, मामले के मुख्य शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला 28 अक्टूबर 2025 को सिदगोड़ा इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ था। इससे पहले 23 अक्टूबर 2025 को रांची के बुंडू में हथियारों के साथ गिरफ्तार हुए दशरथ शुक्ला की निशानदेही पर इस सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ था। बुंडू थाना में दर्ज अवैध हथियार मामले में प्रिंस खान, सुजीत सिन्हा, रिया सिन्हा, दशरथ शुक्ला समेत 11 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज है। सुजीत सिन्हा कुछ माह पहले पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।