अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरन्नेवर ने मांग की है कि दिलजीत कॉन्सर्ट में चार गाने न गाएं। उनका आरोप है कि इन गानों के बोल शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ये गाने गाए गए तो वो गुजरात हाईकोर्ट में कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट का केस करेंगे।
धरन्नेवर ने इन गानों में ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छो फीम लब्बियां’ और ‘जट्ट उट्ठे फायर करदा’ का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, इन गानों के बोल बच्चों पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने उनके 2019 के मामले में साफ निर्देश दिए थे कि शराब, ड्रग्स और नशे को बढ़ावा देने वाले गाने मंच पर नहीं गाए जाएं। उनका आरोप है कि इसके बावजूद दिलजीत ने इंदौर और दिल्ली के कॉन्सर्ट में ये गाने गाए। उन्होंने कहा कि देश में नशा मुक्त भारत अभियान चल रहा है और बच्चों के बीच ऐसे गानों को बढ़ावा देना गलत और गैरकानूनी है।
दूसरी तरफ, अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गेहलोत ने कहा कि कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके मुताबिक, करीब 85,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है, जबकि सपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों समेत 90,000 से ज्यादा लोग मौजूद रह सकते हैं। उन्होंने बताया कि 2,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और स्टेट रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियां भी लगाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, BDDS टीमें, क्विक रिस्पॉन्स टीमें, क्राइम ब्रांच और SOG के जवान भी तैनात रहेंगे। DFMD और डोर-फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और करीब 600 CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रवेश, निकास और अंदर की व्यवस्थाओं में करीब 1,500 निजी सुरक्षा गार्ड मदद करेंगे। कार्यक्रम में पानी की बोतल और बैग ले जाने की परमिशन नहीं होगी, जबकि स्टेडियम के बाहर लॉकर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। महिला दर्शकों को छोटे पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी।
