केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। दिल्ली में संविधान गौरव दिवस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं और राजनीतिक दिखावे के लिए संविधान का इस्तेमाल करते हैं। शाह ने कहा कि संविधान की प्रति जेब में रखना या उसे सार्वजनिक रूप से लहराना उसका सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान का असली सम्मान उसमें तय आदर्शों और मानकों के अनुसार जीवन जीने में है।
शाह ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे खुलेआम कहते हैं कि उन्हें संसद में बहस नहीं, सड़कों पर बहस चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट को बदनाम करना तथा विदेश जाकर भारत को बदनाम करना उनकी आदत बन गई है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं और हर तीसरे महीने छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं।
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर आपातकाल के दौरान 18 महीने तक देश को संविधान की भावना से वंचित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस दौरान मौलिक अधिकार सीमित कर दिए गए थे और जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी तथा लालकृष्ण आडवाणी जैसे विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। शाह ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 1951 में अनुच्छेद 19 में संशोधन कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए।
शाह ने दावा किया कि भाजपा सरकार के संविधान संशोधनों और फैसलों से सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण और आर्थिक सुधारों को मजबूती मिली है। उन्होंने जीएसटी, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने और ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत आरक्षण देने जैसे कदमों का जिक्र किया। शाह ने संविधान को देश की विरासत बताते हुए कहा कि इसमें आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के सपने और बलिदान समाहित हैं। उन्होंने 2015 में संविधान दिवस की शुरुआत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।
