कांग्रेस ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाना चाहती है। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और शशि थरूर ने भी सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि वह इस मुद्दे पर विरोध जारी रखेगी।
इस बीच, हैदराबाद में संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। BRS नेता मन्ने कृष्णांक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता एक रेस्टोरेंट में राहुल गांधी का पुतला रखकर बिरयानी प्रोटेस्ट कर रहे थे। उनका आरोप था कि कांग्रेस सरकार ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने और जॉब कैलेंडर लागू करने का वादा पूरा नहीं किया है। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया।
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण कार्यक्रम पर हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का लोकतांत्रिक अधिकार है। KTR ने हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।