केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि कश्मीर घाटी में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी नहीं बचा है। उन्होंने यह बात अरुणाचल प्रदेश के बांदेरदेवा में राष्ट्रपति पुलिस कलर समारोह में कही। शाह के मुताबिक, घाटी में अब जो आतंकी सक्रिय हैं, वे सभी पाकिस्तानी हैं।
शाह ने कहा कि पुलवामा में कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी को मार गिराया। उन्होंने 1990 के दशक की उथल-पुथल की तुलना मौजूदा सुरक्षा स्थिति से की और कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीरी युवाओं में अलगाववाद की भावना खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के समय विपक्ष एकजुट होकर पूछ रहा था कि अनुच्छेद 370 और आतंकवाद का क्या संबंध है। शाह ने कहा कि आज वह गर्व के साथ कह सकते हैं कि इसका नतीजा यह है कि घाटी में एक भी कश्मीरी युवा आतंकी नहीं है।
पिछले पांच दिनों में जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराया गया। 16 नवंबर 2026 को उमर निसार डार को कुलगाम के लारू इलाके में मुठभेड़ के दौरान मारा गया। वह 11 नवंबर को अखरान में सीआरपीएफ चेकपोस्ट पर हुए हमले से जुड़ा था।
18 नवंबर 2026 को मोहम्मद लतीफ भट को कुलगाम के जंगलपोरा, देवसर इलाके में मुठभेड़ में मार गया। वह लश्कर का कमांडर था और सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय लश्कर आतंकी था।
