अमेरिका की एक संसदीय समिति (USCC) ने भारत की सुरक्षा को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ती सैन्य साझेदारी से भारत के लिए एक ही समय में दोनों देशों से टकराव यानी 'टू-फ्रंट वॉर' का खतरा बढ़ रहा है। रिपोर्ट में मई 2025 में हुए भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव का जिक्र करते हुए कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। अमेरिकी आयोग के मुताबिक, इस संकट से यह साफ हुआ कि चीन सीधे युद्ध में उतरे बिना भी पाकिस्तान को बड़ी सैन्य और रणनीतिक मदद दे सकता है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन भारत के बढ़ते कद को अपने लिए चुनौती मानता है और उसे सीमित रखने के लिए सैन्य, आर्थिक और समुद्री दबाव बना रहा है। अमेरिका का मानना है कि भारत अपनी विशाल आबादी, अर्थव्यवस्था, परमाणु शक्ति और भौगोलिक स्थिति के दम पर चीन के साथ शक्ति संतुलन बना सकता है। रिपोर्ट में हिंद महासागर में चीन की बढ़ती मौजूदगी पर भी चिंता जताई गई है, जहां वह जासूसी और रिसर्च जहाज भेज रहा है और लंबे समय तक नौसेना तैनात रखने के लिए ठिकाने तैयार कर रहा है।

आयोग ने अमेरिकी सरकार को सलाह दी है कि वह भारत के साथ मिलकर काम करे और हिंद महासागर में सैन्य सहयोग मजबूत करे। सिफारिशों में औपचारिक सैन्य अभ्यासों से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर सहयोग, चीनी पनडुब्बियों और युद्धपोतों की रियल-टाइम ट्रैकिंग व खुफिया जानकारी साझा करना और 'इंडो-अमेरिकन स्ट्रैटेजिक लीडरशिप एक्सचेंज प्रोग्राम' शुरू करना शामिल है। रिपोर्ट में यह भी माना गया है कि भारत अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर चलता है, लेकिन एक मजबूत भारत अमेरिका के हित में है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब भारत और चीन रिश्तों को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। सितंबर में नई दिल्ली में हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई थी। पीएम मोदी ने कहा था कि मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए और सीमा पर शांति अच्छे रिश्तों की पहली शर्त है। शी जिनपिंग ने दोनों देशों को 'ग्लोबल साउथ' का अहम हिस्सा बताते हुए दीर्घकालिक नजरिए से रिश्ते आगे बढ़ाने और सीमा विवाद का उचित समाधान निकालने की बात कही थी।