जेल में बंद पंजाब के सांसद और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के प्रमुख अमृतपाल सिंह विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। खबरों के मुताबिक वह एक नहीं, बल्कि दो सीटों से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। जिन सीटों की चर्चा है, उनमें एक धुरी है, जहां से वह मुख्यमंत्री भगवंत मान को टक्कर दे सकते हैं। मालवा क्षेत्र में स्थित यह सीट पंजाब के तीन क्षेत्रों में सबसे बड़ी बताई जाती है। 33 वर्षीय अमृतपाल सिंह अपनी पार्टी की ओर से सीएम फेस हैं। खबरों के मुताबिक अब वह भगवंत मान के सामने चुनावी मुकाबले की तैयारी में हैं। अमृतपाल फिलहाल खडूर साहिब लोकसभा सीट से सांसद हैं, जो माझा क्षेत्र में आती है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल सिंह की दूसरी सीट खेमकरण हो सकती है, जो उनके लोकसभा क्षेत्र में ही आती है। वारिस पंजाब दे उनकी उम्मीदवारी को अंतिम रूप देने में जुटी है, लेकिन पार्टी ने इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ कहने से मना कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल ने कहा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर हिस्सा लेंगे। चुनाव में एक उम्मीदवार को एक से अधिक सीटों पर लड़ने की अनुमति है, हालांकि जीत के बाद उसे एक सीट छोड़नी होती है। सूत्रों के अनुसार अमृतपाल आम आदमी पार्टी को अपना मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानते हैं और भगवंत मान से सीधा मुकाबला चाहते हैं।
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह पिछले दिनों जल्लूपुर खेड़ा गांव स्थित अपने आवास पहुंचे थे। उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच नई दिल्ली से विमान के जरिये अमृतसर लाया गया था। अमृतसर की एक अदालत ने उन्हें अपने पैतृक गांव में दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में वह हाथ जोड़कर अपने आवास में प्रवेश करते दिखे।
उल्लेखनीय है कि अमृतपाल सिंह ने 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान अभिनेता-कार्यकर्ता दीप सिद्धू के अनौपचारिक संगठन से जुड़कर पहचान बनाई थी। सिद्धू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद वह यूएई से लौटे और बाद में अपनी पार्टी शुरू की। इधर, चुनाव नजदीक आने के साथ पंजाब की सियासत में बदलाव हो रहा है। भाजपा ने इस महीने शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर बादल के साथ अपना गठबंधन फिर से जिंदा किया है। पिछले चुनाव 2022 में आप ने 117 में से 92 सीटें जीती थीं, कांग्रेस को 18, अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटें मिली थीं।
