कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कानपुर में भाजपा सरकार पर धर्म की राजनीति कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। झांसी जाते समय जाजमऊ गंगा पुल पर महानगर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय कांग्रेस के नारे लगाए।

आराधना मिश्रा ने कहा कि भाजपा के पास धर्म की राजनीति के अलावा कोई आधार नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा नौकरी मांगते हैं तो उन्हें लाठियां मिलती हैं और पुलिस उन पर मुकदमे दर्ज कर देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार मौन है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर वोट मांगे, लेकिन प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण की आस्था से जुड़े चढ़ावे की रक्षा तक नहीं कर पाए। उन्होंने आजम खां की रिहाई पर बधाई भी दी।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन कल भी मजबूत था और आज भी है, तथा सभी दलों में बेहतर सामंजस्य है। सपा-कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बातचीत चल रही है और सीटों को लेकर इंडिया गठबंधन की बैठकें सकारात्मक दिशा में चल रही हैं।

स्वागत कार्यक्रम के बाद आराधना मिश्रा ने महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला के साथ भौंती तक सफर किया और विधानसभा सीटों की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया। कालपी में दुर्गा मंदिर के समीप पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ता का सम्मान सबसे ऊपर है। कांग्रेस के बुंदेलखंड प्रभारी एवं पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी ने कहा कि कांग्रेस और सपा दोनों दलों के नेता मिलकर सीटें तय करेंगे और नवंबर में सब तय हो जाएगा।