असम में जन्मे सात हफ्ते के हाथी राजा को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर जामनगर के वनतारा पहुंचाया गया है। अनंत अंबानी की पहल पर हुई इस एयरलिफ्ट से पहले वनतारा की टीम कई दिनों तक असम में उसका इलाज करती रही।

राजा का जन्म 2 अक्टूबर को गोगामुख में हुआ था। जन्म के समय मां ने घबराहट में लात मार दी थी, जिससे उसके पिछले दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूटकर खिसक गई थी। वह खड़ा नहीं हो पा रहा था और उसे मां का दूध भी नहीं मिला।

वनतारा की टीम 8 अक्टूबर को असम पहुंची थी। एक्सरे के बाद पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया और घाव भरे गए। विशेष सहारे के साथ उसे मां के दूध का विकल्प दिया गया और मेडिकल टीम ने चौबीसों घंटे देखभाल की। शरीर में थोड़ी जान आने के बाद शुक्रवार को उसका एयरलिफ्ट किया गया।

मां का दूध न मिलने और चल-फिर न पाने से राजा को कई परेशानियां हुईं। लगातार लूज मोशन से वह कमजोर होता गया और क्लेबसिएला न्यूमोनिया बैक्टीरिया से संक्रमित हो गया। कई बार ब्लड शुगर कम हुई और लिवर पर दबाव बढ़ा। लगातार लेटे रहने से सिर पर भी गहरे घाव हो गए। एंटीबायोटिक, तरल पदार्थ और विटामिन से इलाज किया गया। अब वनतारा के अस्पताल में हड्डी का विशेष इलाज और पोषण पर ध्यान दिया जाएगा। चोट की गंभीरता को देखते हुए जीवनभर चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है।

इस बीच, वनतारा से इलाज करवाकर करीब 13 महीने बाद हथिनी माधुरी कोल्हापुर लौट आई है। कोल्हापुर में उसे महादेवी के नाम से जाना जाता है। नांदणी गांव स्थित जैन मठ पहुंचने पर शनिवार रात हजारों लोगों ने फूल बरसाकर उसका स्वागत किया।