ट्रेन में सफर के दौरान तेज आवाज में फोन पर बात करना या स्पीकर मोड पर गाना-वीडियो चलाना अब भारी पड़ सकता है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि ऐसा करने पर रेलवे अधिनियम, 1989 (संशोधित) की धारा 145 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रावधान के तहत 1,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल हो सकती है। ईस्टर्न रेलवे ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्टेशनों के लिए इस संबंध में दिशानिर्देश जारी किए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि वे फोन पर जोर-जोर से या लंबी बातचीत न करें, स्पीकर मोड पर गाने या वीडियो न चलाएं और रिंगटोन का वॉल्यूम भी बहुत ज्यादा न रखें। रेलवे के अनुसार ऐसी हरकतों से दूसरे यात्रियों को परेशानी होती है, खासकर एसी कोच में सफर करने वालों को। बंद कंपार्टमेंट की वजह से आवाज गूंजती है, जिससे सोने में दिक्कत होती है। रेलवे ने बताया कि टीटीई या उससे ऊपर के रैंक के स्टाफ ऐसे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।
जागरूकता फैलाने के लिए स्टेशनों पर और जहां तक संभव हो ट्रेनों के अंदर भी क्षेत्रीय भाषाओं, हिंदी और अंग्रेजी में नियमित घोषणाएं की जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि संगीत सुनते या वीडियो देखते समय ईयरफोन का इस्तेमाल करें और फोन को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखें या वॉल्यूम कम रखें।
रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख जगहों और कोचों के अंदर जागरूकता बढ़ाने वाले नोटिस और स्टिकर भी लगाए जाएंगे। इनके जरिए यात्रियों को याद दिलाया जाएगा कि वे यात्रा के दौरान या रेलवे परिसर में स्पीकर पर संगीत या वीडियो न चलाएं और जोर-जोर से बातचीत करने से बचें।
