असम के कोकराझार जिले में एक पार्टी के दौरान दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना में कोकराझार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अक्षत गर्ग को कई चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी का आयोजन खुद अक्षत गर्ग ने किया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना पिछले वीकेंड की है और कोकराझार के सराईखोला स्थित सातवीं असम पुलिस बटालियन परिसर में हुई। पार्टी के दौरान अक्षत गर्ग और वेस्टर्न रेंज के डीआईजी वाईटी ग्यात्सो के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान एसएसपी गर्ग को कई चोटें आईं। हालांकि, असम पुलिस मुख्यालय ने अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही इस संबंध में कोई बयान जारी किया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, गर्ग को किस तरह की चोटें आईं और पार्टी में मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका थी, यह स्पष्ट नहीं है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है, लेकिन यह एक निजी पार्टी में हुआ विवाद था और उस समय दोनों अधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह एक निजी पार्टी में हुआ था और अधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे। यह निजी मामला था। चूंकि वे ड्यूटी पर नहीं थे, इसलिए हम इस पर कुछ नहीं कह सकते।" उन्होंने कहा कि अगर यह घटना ड्यूटी के दौरान हुई होती तो सरकार हस्तक्षेप करती और जरूरी कदम उठाती।

सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार को दोनों अधिकारियों के बीच हस्तक्षेप कर सुलह कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में कोई औपचारिक विभागीय जांच शुरू की गई है या नहीं। इन घटनाक्रमों के बीच मुख्यमंत्री ने मंगलवार को गोलाघाट के डेरगांव स्थित लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी में नए भर्ती पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल से बचने की नसीहत दी, ताकि वर्दी की गरिमा बनी रहे।