मुंबई हाईकोर्ट ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़ी एक इमारत को मस्जिद बताए जाने पर याचिकाकर्ताओं को फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि उसे गुमराह न किया जाए। बुधवार को सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की बेंच ने इमारत गिराने पर लगी रोक 30 नवंबर तक बढ़ा दी और परिसर में नमाज पढ़ने तथा किसी के भी प्रवेश पर रोक का आदेश दिया।
बीएमसी 19 नवंबर को दो मंजिला मुसाफिरखाना गिराने पहुंची थी। उसी दिन अब्दुल रजाक और अमीराली वजीराली पंजवानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया कि यह इमारत मस्जिद है, जिसके बाद कोर्ट ने यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। बुधवार की सुनवाई में बीएमसी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अनिल साखरे ने कोर्ट को बताया कि इमारत बेहद जर्जर है और आसपास रहने वालों के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि यह मस्जिद नहीं, एक इमारत है और 2007 से इसके कई हिस्से गिर रहे हैं तथा इसमें कोई नहीं रहता।
याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने दोहराया कि इमारत में मस्जिद है और वहां दिन में पांच बार नमाज अदा की जाती है। उन्होंने रोजाना या कम से कम शुक्रवार की नमाज की अनुमति मांगी। कोर्ट ने इनकार करते हुए कहा कि इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए 30 नवंबर तक कोई भी परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। पीठ ने कहा कि अगर कोई अप्रिय घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना नाम की यह इमारत 1939 में बनी थी। बीएमसी ने इसे जर्जर और खतरनाक घोषित करते हुए सी-1 श्रेणी में रखा था, जिसमें ऐसी इमारतें आती हैं जिन्हें खतरनाक मानकर गिराना जरूरी होता है। दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार 1970 के दशक में इसी इमारत में रहता था। 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों का मास्टरमाइंड माने जाने वाला दाऊद 1986 में भारत से फरार हो गया था और रिपोर्ट्स के अनुसार वह पाकिस्तान में है।
