अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों का नाम बदले जाने को लेकर भारत और चीन के बीच तनातनी के बीच दोनों देशों की सेनाओं ने इस महीने अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में उच्चस्तरीय वार्ता की है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार (25 नवंबर) को बताया कि इस बैठक में सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर लंबित मुद्दों के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित प्रेस वार्ता में कहा कि भारत और चीन कूटनीतिक एवं सैन्य माध्यमों से नियमित संपर्क में रहते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में पूर्वी सेक्टर में वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की बैठक हुई, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना तथा किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकना है। इस महीने के दूसरे सप्ताह में हुई इस वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने किया, जो दीमापुर (नगालैंड) के पास मुख्यालय वाली सेना की तीसरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग हैं। चीनी पक्ष का नेतृत्व उनके समकक्ष अधिकारी ने किया।
माना जा रहा है कि यह वार्ता सीमा पर चीनी सैनिकों की आक्रामक सैन्य गतिविधियों की खबरों के बीच हुई, खासतौर पर अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों की खबरें सामने आई थीं। इससे पहले सितंबर में भी दोनों सेनाओं के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों ने अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में सीमा के दोनों ओर दो चरणों में फ्लैग मीटिंग की थी।
उल्लेखनीय है कि 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद दोनों देशों के संबंधों में भारी तनाव आ गया था। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय सेना के करीब 50,000 जवान पूर्वी लद्दाख के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में तैनात हैं और चीन ने भी इतनी ही संख्या में सैनिकों की तैनाती की है। पिछले साल पूर्वी लद्दाख में हुए सैन्य गतिरोध के बाद भारत ने अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में भी LAC पर अपनी समग्र सैन्य तैयारियां मजबूत की हैं।
