भारत सरकार ने बुधवार को अमेरिका के उस आरोप को साफ शब्दों में खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि भारत की औद्योगिक और व्यापार नीतियां जानबूझकर जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता पैदा कर रही हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि देश के किसी भी क्षेत्र में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (ओवरकैपेसिटी) नहीं है और व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही द्विपक्षीय बातचीत से ही होना चाहिए।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत सहित कई देशों से आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क का सुझाव दिया है, हालांकि इसमें यह प्रावधान भी है कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति बनने पर यह शुल्क घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। यह मामला अमेरिका की धारा 301 के तहत चल रही जांच का हिस्सा है, जिसमें 16 देशों और आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर जांच की जा रही है। अमेरिका का दावा है कि इन देशों की नीतियों से अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत ने जांच प्रक्रिया में रचनात्मक सहयोग किया और नोटिस के जवाब में स्पष्ट किया कि किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय ने बताया कि अमेरिकी पक्ष के निर्धारण संबंधी नोटिस पर फिलहाल विचार किया जा रहा है।

सरकार ने दोहराया कि वह अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बयान के अनुसार, भारत का रुख स्पष्ट है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए, और सरकार 2 फरवरी 2026 को घोषित तथा 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।