जमशेदपुर के लोयोला स्कूल में कक्षा छह की पढ़ने वाली 11 वर्षीय माया कोह ने कैंसर मरीजों की मदद के लिए दूसरी बार अपने बाल दान किए हैं। माया ने पहली बार नौ वर्ष की उम्र में, करीब डेढ़ साल पहले बाल दान किए थे और उसी समय दोबारा बाल दान करने का संकल्प लिया था। इसके बाद उन्होंने धैर्यपूर्वक बाल बढ़ाए और अब फिर से उन्हें दान कर दिया।

माया को बाल दान करने की प्रेरणा अपनी नानी से मिली। नानी भी बाल दान करना चाहती थीं, लेकिन छोटे बाल होने के कारण ऐसा नहीं कर सकीं। उनकी इच्छा पूरी करने के लिए माया ने पहली बार यह पहल की थी। इस बार उन्होंने खुद महसूस किया कि उनके बाल किसी कैंसर मरीज के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास लौटा सकते हैं।

माया ने मुंबई की संस्था कोप विद कैंसर-मदद चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से बाल दान किए हैं। इन बालों से उन मरीजों के लिए विग तैयार की जाएगी, जिनके उपचार के दौरान बाल झड़ गए हैं। माया के माता-पिता दिव्या और झी चोंग कोह को बेटी की इस पहल पर गर्व है। उनका कहना है कि माया ने डेढ़ साल तक एक उद्देश्य के लिए बाल बढ़ाए।

माया अब बाल दान करने के मामले में विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती हैं। साथ ही वह अपनी उम्र के बच्चों को भी इस नेक काम के लिए प्रेरित करना चाहती हैं।