रांची नगर निगम की संपत्ति बुधवार को 9 करोड़ रुपये से अधिक के बकाए की वसूली के लिए कुर्क की गई। कमर्शियल कोर्ट के आदेश पर सिविल कोर्ट की नजारत टीम ने पहले बैंक ऑफ इंडिया की विकास भवन शाखा में निगम का खाता फ्रीज कराया। इसके बाद टीम निगम कार्यालय पहुंची और तीसरी मंजिल के विभिन्न कमरों में रखे सामानों की सूची तैयार करते हुए अपराह्न 4:05 बजे तक कुर्की की कार्रवाई पूरी कर ली।

कुर्की पूरी होने के करीब 20 मिनट बाद, अपराह्न 4:25 बजे कमर्शियल कोर्ट की ओर से जारी स्थगन आदेश नजारत टीम को मिला। पीठासीन पदाधिकारी अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने रिट ऑफ अटैचमेंट के आगे के निष्पादन पर 26 नवंबर तक रोक लगाने का आदेश दिया है। तब तक कुर्की की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी। कार्रवाई के दौरान नाजीर जीशान इकबाल, नायब नाजीर सत्यदेव कुमार, सहायक धर्मेंद्र सिंह और सतीश कुमार सिंह समेत अन्य कर्मी मौजूद थे। एटूजेड कंपनी के दिल्ली से आए प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

रांची नगर निगम और मेसर्स एटूजेड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड के बीच वर्ष 2011 में शहर में कचरा प्रबंधन को लेकर समझौता हुआ था। काम के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद नगर निगम ने 27 दिसंबर 2013 को कंपनी का अनुबंध रद कर दिया था। मामला रांची कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन नगर निगम को राहत नहीं मिली।

कंपनी ने आर्बिट्रल अवार्ड के तहत बकाया राशि की वसूली के लिए कमर्शियल कोर्ट में एग्जिक्यूशन केस दायर किया है। इसी मामले में नगर निगम की संपत्ति कुर्क करने के लिए रिट ऑफ अटैचमेंट जारी किया गया था। कंपनी ने ब्याज और अन्य देयताओं को जोड़कर निगम से कुल 9.08 लाख रुपये की वसूली का दावा किया है। इसी राशि की वसूली के लिए बुधवार को नजारत टीम ने कुर्की की कार्रवाई की।